पड़ोसियों ने घर के अंदर पड़ा देखा शव, बेटे ने जताई हत्या की आशंका; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

अब्दुल कादिर खान/ इरशाद हुसैन
मिहींपुरवा बहराइच। मुर्तिहा थाना क्षेत्र के बोझिया गांव में घर में अकेली रह रही 70 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में सनसनी फैल गई। बृहस्पतिवार रात घर के अंदर वृद्धा का शव पड़ा मिला। उनके शरीर पर मौजूद कुछ गहने गायब होने की बात सामने आने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बहराइच भेज दिया।जानकारी के अनुसार, बोझिया गांव निवासी बुद्धिमती (70) पत्नी रामवृक्ष के पति की करीब पांच वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। उनके दोनों बेटे अपने परिवारों के साथ बाहर रहते हैं, जबकि बुद्धिमती गांव स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं।बृहस्पतिवार रात करीब सात बजे पड़ोसी उनके घर पहुंचे और आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों ने घर के अंदर झांककर देखा तो बुद्धिमती जमीन पर पड़ी मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने वृद्धा की मौत होने की जानकारी होने पर उनके बेटे दिनेश को सूचना दी।शुक्रवार सुबह गांव पहुंचे दिनेश ने मां की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और पुलिस से शिकायत की। इस दौरान वृद्धा के शरीर पर मौजूद कुछ गहने गायब होने की बात भी सामने आई, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।सूचना मिलने पर मुर्तिहा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए बहराइच भेज दिया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारणमुर्तिहा थानाध्यक्ष यतींद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पुत्र ने अपनी मां की मौत को संदिग्ध बताते हुए शिकायत की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










































