मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुंदेलखंड सहित यूपी में पहले कानून-व्यवस्था की समस्या गंभीर थी। हमारी सरकार ने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया है। कानून-व्यवस्था बेहतर होने से यूपी विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा है। बीते पांच सालों में यूपी में बहुत काम हुआ है। मुख्यमंत्री ने यह बातें रविवार को चित्रकूट में भाजपा के तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण शिविर के समापन पर सत्र में कहीं। सीएम योगी ने सुशासन की ओर बढ़ता उत्तर प्रदेश विषयक सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने रामराज्य की कल्पना चित्रकूट में ही की थी, जो साकार हुई। पांच वर्ष पूर्व इस चित्रकूट में आना चुनौतीपूर्ण था।
कनेक्टिविटी पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का बुंदेलखंड के विकास पर फोकस है। बुंदेलखंड और चित्रकूट की कनेक्टिविटी को भाजपा सरकार ने बढ़ाया है। हमने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे निर्माण की पहली घोषणा की थी, जिसको प्रधानमंत्री राष्ट्र को समर्पित कर चुके हैं। इसके अलावा गंगा एक्सप्रेस-वे का भी निर्माण कराया जा रहा है। पांच एक्सप्रेस-वे के साथ यूपी अब एक्सप्रेस-वे प्रदेश बन चुका है। बुंदेलखंड सहित अन्य इलाकों में हर घर नल और हर घर जल के साथ तमाम अन्य योजनाएं चल रही हैं।
पीएम ने दिया था बुंदेलखंड के विकास का सुझाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद जब पीएम मोदी से मिलने गए थे तो पीएम ने काम की शुरुआत बुंदेलखंड से करने का सुझाव दिया था। उन्होंने कहा था कि यह इलाका विकास की दृष्टि से पिछड़ा है। हमने पहला दौरा बुंदेलखंड का ही किया था। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।





































