नानपारा, बहराइच। तहसील नानपारा क्षेत्र के ग्राम माघी में पिछले पांच दिनों से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा होने के कारण ग्रामीण बिजली संकट से जूझ रहे हैं। विद्युत विभाग की कथित लापरवाही से गांव में अंधियारा छाया हुआ है। ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई और शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर फुंकने की सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों को लगातार दी जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय जेई से संपर्क करने पर जल्द ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन दिया गया, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार पिछले तीन दिनों से केवल आश्वासन ही मिल रहा है और ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव में विद्युत सप्लाई शुरू होने के बाद से आज तक पुराने तार नहीं बदले गए हैं। जगह-जगह एलटी लाइन के तार कटे और क्षतिग्रस्त पड़े हैं, जिसके चलते विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है।
ग्रामीण गौरी शंकर मौर्य, भूलई मौर्य, मुन्ना खान, सलाम खान, मुस्तफा रजा खान, मुकद्दर, मदारू, सिराजुल खान, जमाल खान आदि ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और जर्जर विद्युत तारों की समस्या दूर नहीं की गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।











































