अब्दुल कादिर खान/इरशाद हुसैन
पुलिस ने साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय, अफवाहों से दूर रहने की दी सलाह
रूपईडीहा, बहराइच। आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सोमवार को थाना रूपईडीहा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों से पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। साथ ही पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता अभियान चलाकर ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्र ने की, जबकि संचालन डॉ. सनत कुमार शर्मा ने किया। इसमें नगर पंचायत रूपईडीहा के सभासद, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि रूपईडीहा क्षेत्र में सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाते रहे हैं। आगामी ग्राम पंचायत चुनाव को देखते हुए जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने सभी से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। डीजे के संचालन में शासन की निर्धारित गाइडलाइन का पालन करने की भी हिदायत दी गई।बैठक के दौरान थाना परिसर में साइबर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी साझा न करने तथा ऑनलाइन लेनदेन में सतर्कता बरतने की सलाह दी। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।इस अवसर पर बाबागंज प्रधान मो. अनवर, सभासद अशोक यादव, राजकुमार गुप्ता, जान मोहम्मद, शाहिद हाशमी, ध्रुव राज वर्मा, देशराज वर्मा, मनोज प्रजापति सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।










































