लखनऊ।देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज विश्व कायस्थ संस्थान, उत्तर प्रदेश इकाई द्वारा निराला नगर लखनऊ स्थित परवरिश स्कूल, जो दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित एक विशिष्ट विद्यालय है, में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुम सिंह अन्य शिक्षक, शिक्षिकाओं सहित विश्व कायस्थ संस्थान के पदाधिकारी संजय श्रीवास्तव, सुनील कुमार श्रीवास्तव, अजय सक्सेना एवं विनोद कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विश्व कायस्थ संस्थान, उत्तर प्रदेश इकाई के महासचिव संजय श्रीवास्तव द्वारा विद्यालय के बच्चों की शिक्षा एवं ज्ञानवर्धन के उद्देश्य से विद्यालय को एक टीवी भेंट किया गया। साथ ही बच्चों को फल एवं मिठाई वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के दिव्यांग बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित सभी लोगों ने सराहा और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
विश्व कायस्थ संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, प्रतिभा एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। संस्थान भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता करता रहेगा.









































