संवाददाता/मिहींपुरवा
मोहम्मद रफीक

सुजौली, बहराइच। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली में तैनात चिकित्सक डॉ. आरपी सिंह ने 12 माह से वेतन न मिलने का आरोप लगाते हुए शनिवार से अस्पताल परिसर में धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। इस संबंध में उन्होंने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर के अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर अपनी समस्या से अवगत कराया है।
डॉ. आरपी सिंह के मुताबिक, उन्हें पिछले करीब 12 महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इसके बावजूद वह लगातार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं और मरीजों का उपचार कर रहे हैं। उन्होंने पत्र के माध्यम से कहा है कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चिकित्सक ने चेतावनी दी है कि यदि शनिवार तक उनके लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली में ही धरने पर बैठकर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि धरने के दौरान वह अपने चिकित्सकीय कार्य को जारी रखेंगे।
डॉ. आरपी सिंह का शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि शनिवार तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है और चिकित्सक के लंबित वेतन का भुगतान हो पाता है या नहीं।












































