बीते दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लंदन में एक बयान दिया था। राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम में कहा था कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है और अमेरिका-यूरोप जैसे देश इसे चुपचाप देख रहे हैं।
राहुल के इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा की यह मांग है कि राहुल विदेश में दिए अपने इस बयान के लिए माफी मांगे। वहीं राहुल गांधी का कहना है कि उन्होंने भारत के खिलाफ कोई भाषण नहीं दिया है। राहुल गांधी के बयान पर अब भाजपा के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। सीएम शिवराज ने कहा, राहुल गांधी की मेंटल ऐज 5 साल के बच्चे से भी कम है। CM शिवराज ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए एक पुराना किस्सा भी सुनाया। शिवराज ने बताया कि कैसे उन्होंने अपनी एक विदेश यात्रा में कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह की तारीफ की थी।
सीएम शिवराज ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा, ‘मुझे लगता था कि राहुल गांधी अपरिपक्व नेता हैं। उनकी मानसिक उम्र (मेंटल ऐज) 5 साल के बच्चे से भी कम है। इस बार उन्होंने एक विदेशी भूमि पर हमारे देश की आलोचना की है, वह एक सच्चे भारतीय नहीं हैं। मुझे उनके भारतीय होने पर शक है।’
वहीं सीएम शिवराज ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए एक पुराना किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया, ‘एक बार मैं अमेरिका गया था। वहां मुझसे तब के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बारे में पूछा गया। मुझसे वहां लोगों ने पूछा कि क्या मनमोहन सिंह कम उपलब्धि वाले प्रधानमंत्री हैं। मैंने इसका जवाब नहीं में दिया। मैंने कहा, मनमोहन सिंह हमारे पीएम हैं और हमारे देश के गौरव हैं।’
राहुल गांधी के लंदन में दिए बयान को लेकर भाजपा जमकर कांग्रेस पर निशाना साध रही है। भाजपा नेता किरेन रिजिजू ने कहा, ‘देश में जो आदमी सबसे ज्यादा बोलता है और सरकार की आलोचना करता है, वो विदेश में जाकर कहता है कि भारत में बोलने की आजादी नहीं है।’ वहीं कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल का बचाव करते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो चीन और दक्षिण कोरिया में जाकर भारत का अपमान कर चुके हैं।’



































