मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए. इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी प्रकरणों, आर्थिक सहायता, पेंशन एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है. उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विभागों से समस्याओं का यथाशीघ्र निस्तारण किया जाए. उन्होंने कहा कि अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य करें. आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए. राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान एवं पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं पोस्टर का भी विमोचन किया. इस गीत को निर्मल अनुरागी एवं अंजलि अनुरागी ने स्वर दिए हैं, जबकि गीत का संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है.













































