नई दिल्ली – लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को इस पद पर काम करने के लिए न सिर्फ केंद्रीय कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिला है, बल्कि उन्हें इससे जुड़ी तमाम शानदार सुविधाएं और वेतन भी मिल रहा है। आइए जानते हैं कि विपक्ष के नेता के रूप में उन्हें कितनी सैलरी मिलती है, कौन-कौन सी सुविधाएं दी जाती हैं और उनकी कुल संपत्ति कितनी है।
कैबिनेट मंत्री का दर्जा, सुविधाएं भी वैसी ही
राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने के बाद उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया। इसके तहत उन्हें सरकारी वाहन, दिल्ली में विशेष फर्निश्ड आवास, सुरक्षा व्यवस्था, स्टाफ और तमाम अन्य सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। उनके स्टाफ में शामिल हैं—1 निजी सचिव, 2 अतिरिक्त निजी सचिव, 2 सहायक निजी सचिव, 2 निजी सहायक, 1 हिंदी स्टेनो, 1 क्लर्क, 1 सफाई कर्मचारी और 4 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी।
कितनी मिलती है सैलरी?
राहुल गांधी को हर महीने करीब ₹3.30 लाख रुपये का वेतन मिलता है। इसमें सांसद का वेतन, निर्वाचन क्षेत्र भत्ता, सत्कार भत्ता और अन्य सुविधाएं शामिल होती हैं। सालाना तौर पर यह रकम लगभग ₹39.60 लाख रुपये होती है।
आवास और रखरखाव निःशुल्क
1977 के एक प्रावधान के तहत, जब तक राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के पद पर बने रहेंगे, उन्हें दिल्ली में एक फर्निश्ड सरकारी आवास किराए से मुक्त उपलब्ध रहेगा। साथ ही उसके रखरखाव का खर्च भी सरकार वहन करती है।
पढ़ाई-लिखाई का सफर
राहुल गांधी की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी खास रही है। उन्होंने 1989 में दिल्ली के सेंट स्टीफन कॉलेज में दाखिला लिया, लेकिन सुरक्षा कारणों से बीच में कॉलेज छोड़ना पड़ा। इसके बाद 1990 में वे हार्वर्ड यूनिवर्सिटी (अमेरिका) गए, लेकिन पिता राजीव गांधी की हत्या के बाद उन्हें यह भी छोड़ना पड़ा।
बाद में उन्होंने फ्लोरिडा के रोलिंस कॉलेज से 1991 से 1994 के बीच बैचलर ऑफ आर्ट्स (B.A.) की डिग्री हासिल की। इसके बाद 1995 में कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के ट्रिनिटी कॉलेज से M.Phil की पढ़ाई पूरी की।
कितनी है कुल संपत्ति?
2024 में दाखिल चुनावी हलफनामे के मुताबिक, राहुल गांधी के पास कुल संपत्ति ₹20.34 करोड़ रुपये की है। इसमें चल और अचल संपत्ति दोनों शामिल हैं।
इस तरह देखा जाए तो नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी को न केवल अच्छी-खासी सैलरी मिलती है, बल्कि उन्हें कई उच्चस्तरीय सरकारी सुविधाओं का भी लाभ प्राप्त है।





























