छात्राओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गुंजायमान किया वातावरण
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 13 अगस्त को नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला महाविद्यालय, अलीगंज और ललित कला केंद्र, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ सूचना आयुक्त पी.एन. द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति का जज्बा पैदा करते हैं और आज की समय की आवश्यकता हैं। हाथों में तिरंगा लिए सैकड़ों छात्राओं ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। यात्रा महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर अलीगंज क्षेत्र, पुरनिया चौराहा होते हुए पुनः महाविद्यालय में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह और लोक एवं जनजातीय संस्थान के निदेशक अतुल द्विवेदी विशेष रूप से यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और समापन पर म्यूजिकल कंसर्ट में देशभक्ति गीतों ने पूरे परिसर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। तिरंगा यात्रा में महाविद्यालय के एनसीसी कैडेटस, रेंजर्स तथा एनसीसी स्वयंसेवियों तथा भारतेन्दु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने अनुशासन और उत्साह के साथ सक्रिय सहभागिता की। छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम सहित देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम में ललित कला केंद्र के सचिव डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शालिनी श्रीवास्तव, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। प्राचार्य प्रो. शालिनी श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे राष्ट्र की पहचान नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा ने छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया तथा स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सनोबर हैदर ने किया।











































