
रूपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रूपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 2.5 किलोग्राम नाजायज अफीम बरामद करते हुए एक नेपाली महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।रूपईडीहा थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी तथा क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण में ये कार्यवाही किया गया है। 16 अगस्त को रूपईडीहा पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम एसएसबी चेक पोस्ट कस्बा रूपईडीहा पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान नेपाल राष्ट्र की निवासी करीब 65 वर्षीय मनपुरा बुढ़ा पत्नी चिज बदामगर, निवासी ध्वांग वार्ड नंबर-5, रोलपा, राष्ट्र नेपाल के कब्जे से 2.5 किलोग्राम नाजायज अफीम बरामद हुई। बरामदगी के बाद थाना रूपईडीहा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की कार्रवाई 16 अगस्त को रात करीब 7:09 बजे एसएसबी चेक पोस्ट कस्बा रूपईडीहा पर की गई। पुलिस ने नियमानुसार गिरफ्तार अभियुक्ता को न्यायालय बहराइच रवाना कर दिया।कार्रवाई में रूपईडीहा पुलिस टीम के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अजय कुमार, आरक्षी विकास प्रजापति, आरक्षी मनोज वर्मा और आरक्षी अभिषेक राय शामिल रहे। वहीं एसएसबी टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक तपन बरुआ, मुख्य आरक्षी प्रियंका तथा मुख्य आरक्षी प्रवीना बाबू भाई शामिल रहे।









































