आधा दर्जन विद्यालयों का किया निरीक्षण, शैक्षिक व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता की ली जानकारी।
मोतीपुर बहराइच। विकासखंड मिहींपुरवा के प्राथमिक विद्यालयों में शैक्षिक व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए गुरुवार को खंड शिक्षा अधिकारी डा. अजीत कुमार सिंह ने करीब आधा दर्जन विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, छात्र उपस्थिति समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डा. अजीत कुमार सिंह प्राथमिक विद्यालय तुलसीरामपुरवा पहुंचे। यहां उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता परखी। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और वितरण व्यवस्था का भी जायजा लिया।
खंड शिक्षा अधिकारी डा. अजीत कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनके लिए मिलने वाली सुविधाओं की गुणवत्ता भी सुनिश्चित करना जरूरी है। मध्याह्न भोजन पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना तथा बच्चों को बेहतर शैक्षिक माहौल उपलब्ध कराना है।
इस दौरान शिक्षक सुनील कुमार, प्रभारी प्रधानाध्यापक हेमंत यादव, सहायक अध्यापक जितेंद्र प्रसाद समेत विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा














































