नानपारा बहराइच। सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल नानपारा में रक्षाबंधन का पावन पर्व हर्षोल्लास, आत्मीयता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने सामाजिक समरसता और भाईचारे का अनुपम संदेश प्रस्तुत किया। रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएँ एसएसबी की 42वीं एवं 59वीं बटालियन पहुँचे, जहाँ उन्होंने देश की सुरक्षा में समर्पित जवानों की कलाइयों पर राखी बाँधकर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट सहित अधिकारीगण एवं जवान उपस्थित रहे। बच्चों के स्नेहपूर्ण भाव से पूरा वातावरण भावविभोर हो उठा। जवानों ने भी बच्चों को स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। इसी क्रम में विद्यार्थियों ने बीईओ कार्यालय, सीओ नानपारा एवं बीएसए कार्यालय पहुँचकर अधिकारियों को राखी बाँधी और रक्षाबंधन के पावन पर्व की शुभकामनाएँ दीं। बच्चों की इस पहल ने प्रशासन एवं समाज के मध्य आत्मीयता और सद्भाव की भावना को और प्रगाढ़ किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास, कर्तव्य, सम्मान और सामाजिक समरसता के संकल्प का उत्सव है। देश की सुरक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले जवानों की कलाई पर राखी बाँधना विद्यार्थियों के लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण है। विद्यालय के इस संस्कारमय आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय संवेदनाओं को सुदृढ़ करने का संदेश दिया। बच्चों की मासूम मुस्कान, जवानों के प्रति सम्मान और रक्षासूत्र की आत्मीयता ने इस रक्षाबंधन पर्व को अविस्मरणीय बना दिया।










































