बहराइच। खैरीघाट थाना क्षेत्र के थैलिया में शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अज्ञात वाहन की ठोकर से घायल 55 वर्षीय गायत्री देवी सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। क्षेत्र भ्रमण पर निकले प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह की नजर जैसे ही घायल महिला पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किए मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
महिला की हालत गंभीर देख प्रभारी निरीक्षक ने तत्काल उसे अपनी गोद में उठाया और इलाज के लिए पास के चिकित्सक शिवसरण सिंह के यहां पहुंचाकर भर्ती कराया। चिकित्सक ने महिला का उपचार शुरू किया, जिसके बाद उसे आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह के इस मानवीय कार्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के इस संवेदनशील चेहरे की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि वर्दी सिर्फ कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद और मानवता की रक्षा का भी प्रतीक है।
प्रदीप सिंह के इस कार्य ने पुलिस की सख्त छवि से इतर इंसानियत और संवेदनशीलता की ऐसी तस्वीर पेश की, जिसकी क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश और घटना की जांच में जुटी है।









































