
रुपईडीहा बहराइच
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्षाबंधन के पावन अवसर पर अपराध निरोधक समिति बहराइच के तत्वावधान में जिला कारागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं जेल विजिटर्स ने कारागार पहुंचकर बंदियों को फल, मिठाई, कपड़े तथा दैनिक उपयोग में आने वाली आवश्यक वस्तुएं वितरित कीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्व की खुशियां उन लोगों तक पहुंचाना रहा, जो विभिन्न कारणों से अपने परिवार से दूर जिला कारागार में निरुद्ध हैं। समिति के सदस्यों ने बंदियों से मुलाकात कर उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जेल विजिटर के साथ जिला उपाध्यक्ष शेर सिंह कशौधन नगर उपाध्यक्ष इरशाद हुसैन, महबूब अहमद, प्रधान नानपारा पप्पू भाई, रमेश मिश्र, शाहिद सहित जिला, तहसील एवं नगर इकाई के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि अपराध निरोधक समिति का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं वंचित लोगों के साथ मानवीय संवेदनाओं को साझा करना है। इसी क्रम में प्रत्येक वर्ष प्रमुख पर्वों पर जिला कारागार में बंदियों के बीच आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाता है, ताकि उन्हें भी पर्व की खुशियों का अहसास हो सके।
कार्यक्रम के दौरान कारागार प्रशासन की ओर से सहयोग प्रदान किया गया। उपस्थित सदस्यों ने भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक एवं मानवीय सेवा के कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।







































