हिंदू धर्म में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार अत्यंत आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष 2026 में जन्माष्टमी का महापर्व एक बेहद दुर्लभ और अद्भुत संयोग लेकर आ रहा है। पूरे 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद ऐसा विशेष योग बन रहा है, जैसा द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय बना था।
श्रीमद्भागवत पुराण के अनुसार, कान्हा का प्राकट्य भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि, बुधवार, रोहिणी नक्षत्र और वृषभ राशि के चंद्रमा की उपस्थिति में मध्यरात्रि को हुआ था। ज्योतिषशास्त्रियों के अनुसार, वर्ष 2026 में जन्माष्टमी पर यह दुर्लभ महासंयोग पुन: घटित हो रहा है, जिसे शास्त्रों में ‘जयंती योग’ की संज्ञा दी गई है।
शुभ मुहूर्त और तिथियों का सटीक गणित
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जन्माष्टमी का महापर्व उस समय मनाना सर्वोत्तम होता है जब मध्यरात्रि में अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र दोनों का एक साथ मिलन हो रहा हो।
- मुख्य जन्मोत्सव तिथि: 4 सितंबर 2026 (शुक्रवार)
- अष्टमी तिथि का प्रारंभ व समाप्ति: 3 सितंबर की रात्रि 12:26 बजे से शुरू होकर 4 सितंबर की रात्रि 12:14 बजे तक रहेगी।
- रोहिणी नक्षत्र का समय: 3 सितंबर की रात्रि 11:30 बजे से 4 सितंबर की रात्रि 12:14 बजे तक रहेगा।
चूंकि 4 सितंबर की मध्यरात्रि में अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का पूर्ण संयोग बन रहा है, इसलिए 4 सितंबर 2026 को ही जन्माष्टमी मनाना शास्त्रसम्मत और सर्वाधिक फलदायी रहेगा।
15 साल बाद मध्यरात्रि में रोहिणी नक्षत्र का मिलन और इसका धार्मिक महत्व
कई वर्षों तक भाद्रपद कृष्ण अष्टमी पर वृषभ राशि में चंद्रमा तो रहता है, लेकिन अर्धरात्रि में रोहिणी नक्षत्र का सटीक संयोग नहीं बन पाता। इस बार सभी प्रमुख ग्रह और नक्षत्र एक साथ आ रहे हैं।
शास्त्रों में इस जयंती योग का फल बताते हुए कहा गया है:
’अर्द्धरात्रे तु रोहिण्यां यदा कृष्णाष्टमी भवेत्।
तस्यामभ्यर्चनं शौरिहन्ति पापों त्रिजन्मजम्.’
अर्थात: यदि मध्यरात्रि में अष्टमी तिथि, रोहिणी नक्षत्र और हर्षण योग का मिलन हो, तो उस समय भगवान श्रीकृष्ण का व्रत एवं पूजन करने से साधक के तीन जन्मों के संचित पाप समूल नष्ट हो जाते हैं।
‘निर्णय सिंधु’ ग्रंथ के अनुसार, सतयुग, त्रेता और द्वापर युग में ऋषियों-मुनियों ने इसी नक्षत्र-युक्त अष्टमी को व्रत किया था। कलियुग में भी यह व्रत शत्रुओं का दमन करने वाला, सुख-समृद्धि देने वाला और श्रद्धालुओं का कल्याण करने वाला माना गया है।
बाल गोपाल के प्रिय भोग (नैवेद्य)
बालकृष्ण को प्रसन्न करने के लिए जन्माष्टमी के दिन विशेष प्रकार के सात्विक भोग अर्पित किए जाते हैं:
- माखन-मिश्री: यह लड्डू गोपाल का सबसे प्रिय और मुख्य भोग माना जाता है।
- विशेष मिष्ठान व पकवान: केसर युक्त घेवर, मथुरा के प्रसिद्ध पेड़े, मखाने की खीर, मलाई रबड़ी, मोहनभोग, रसगुल्ला और पंचमेवा के लड्डू।
सरल पूजन विधि एवं व्रत के नियम
- व्रत के नियम: जन्माष्टमी व्रत के एक दिन पूर्व (सप्तमी को) सात्विक भोजन ग्रहण करें। अष्टमी के दिन पूर्ण उपवास रखते हुए पूजन करें और नवमी तिथि को पारण करके व्रत को पूर्ण करें।
- संकल्प: अष्टमी के दिन प्रातः काल स्नानादि से निवृत्त होकर पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुख करके हाथ में जल, अक्षत, फल और पुष्प लेकर निष्ठापूर्वक व्रत का संकल्प लें।
- प्रसूति गृह (सूतिका गृह) निर्माण: मध्याह्न (दोपहर) के समय काले तिल मिले जल का छिड़काव करके माता देवकी के लिए प्रतीकात्मक प्रसूति गृह तैयार करें। वहां सुंदर बिछौने पर मंगल कलश स्थापित करें।
- देव-आवाहन व पूजन: भगवान श्रीकृष्ण और माता देवकी की प्रतिमा स्थापित करें। इसके बाद माता देवकी, वासुदेव, बलदेव, नंद बाबा, माता यशोदा और धन की देवी माता लक्ष्मी का ध्यान करते हुए षोडशोपचार पूजन करें।
- फलाहार के नियम: यह व्रत मध्यरात्रि 12 बजे जन्मोत्सव की महाआरती और बाल गोपाल के जन्म के बाद ही खोला जाता है। व्रत में अन्न का सेवन पूरी तरह वर्जित रहता है। फलाहार के रूप में कुट्टू के आटे की पकौड़ी, मावे की बर्फी, मखाना और सिंघाड़े के आटे का हलवा ग्रहण किया जा सकता है।
जन्माष्टमी पर कान्हा को अर्पित करें ये 5 पवित्र वस्तुएं
शास्त्रों में कुछ ऐसी विशेष चीजों का उल्लेख है, जिन्हें जन्माष्टमी के अवसर पर बाल गोपाल को अर्पित करने से घर में सुख-शांति, समृद्धि और धन-धान्य की कभी कमी नहीं होती:
- चांदी की छोटी बांसुरी: कान्हा को बांसुरी अतिप्रिय है। इस दिन भगवान को चांदी की छोटी बांसुरी जरूर अर्पित करें और अपनी मनोकामना मांगें। पूजन के बाद इसे घर के मंदिर या तिजोरी में रख दें। इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है और लक्ष्मी जी की कृपा बनी रहती है।
- पीले वस्त्र (पीतांबर): श्रीकृष्ण को ‘पीतांबरधारी’ भी कहा जाता है। पीला रंग उन्हें अत्यंत प्रिय है, इसलिए जन्माष्टमी पर कान्हा को पीले रंग के नए वस्त्र या पोशाक जरूर पहनाएं।
- वैजयंती माला: जन्माष्टमी की पूजा में भगवान श्रीकृष्ण को वैजयंती माला धारण कराएं। मान्यता है कि इससे कुंडली में ग्रहों के अशुभ प्रभाव दूर होते हैं और लंबे समय से अटके हुए कार्य बनने लगते हैं।
- मोर पंख: मोर पंख के बिना कान्हा का श्रृंगार अधूरा माना जाता है। जन्माष्टमी के दिन बाल गोपाल के मुकुट पर मोर पंख अवश्य सजाएं, इससे गृह क्लेश दूर होता है।
- दक्षिणावर्ती शंख: इस शुभ दिन पर घर में नया दक्षिणावर्ती शंख लाना बेहद शुभ होता है। इस शंख में गंगाजल भरकर भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक करने से व्यक्ति को सभी प्रकार के जाने-अनजाने पापों से मुक्ति मिल जाती है।
3 जन्मों के पापों से मुक्ति का दुर्लभ अवसर
‘निर्णय सिंधु’ के अनुसार, जन्माष्टमी पर बनने वाले इस दुर्लभ जयंती योग को व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। इस खास योग में व्रत, जप और अर्चना करने से जाने-अनजाने किए गए तीन जन्मों के पाप कट जाते हैं, सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और पितृ दोष या प्रेत योनि में कष्ट भोग रहे पूर्वजों को भी मुक्ति और शांति प्राप्त होती है।















































