अब्दुल कादिर खान /मोहम्मद रफीक

बहराइच। तहसील मिहींपुरवा अंतर्गत थाना सुजौली क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों सुजौली, घूरेपुरवा, अयोध्यापुरवा, बल्दानपुरवा, चफरिया और बड़खड़िया में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का मुबारक त्योहार बृहस्पतिवार को हर्षोल्लास, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस मौके पर क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर अकीदतमंदों ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश के मुबारक मौके पर एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। गांवों में मस्जिदों और धार्मिक स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। इस दौरान लोगों ने अमन, शांति, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ की।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर चफरिया से भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस चफरिया से शुरू होकर बल्दानपुरवा, अयोध्यापुरवा, घूरेपुरवा, सुजौली और ईदगाहपुरवा होते हुए चफरिया चौराहा पहुंचा। इसके बाद जुलूस का समापन चफरिया में किया गया। जुलूस में बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
जुलूस के दौरान अकीदतमंदों ने नात-ए-पाक पढ़ी। वहीं “आका की आमद मरहबा” सहित विभिन्न इस्लामिक नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जुलूस के मार्ग में लोगों ने जगह-जगह अकीदतमंदों के लिए पानी आदि की व्यवस्था भी कीl
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए थाना सुजौली पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिसकर्मियों ने जुलूस के मार्ग का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाली और जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग किया। पुलिस की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से अपने निर्धारित मार्ग से होकर गुजरा।
इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति का संदेश देते हुए त्योहार मनाया। पूरे क्षेत्र में जश्ने ईद मिलादुन्नबी को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस मौके पर मौलाना इकरार अली, मौलाना मुबारक, कारी कुदरत अली, जान मोहम्मद, मौलाना अजीम, जाबिर खां, मुबारक अली, समीम, खालिद खान, मोहम्मद इसरार, गुलाम वारिस, मशीउल्लाह खां, जुबेर, अनवर अली,मोहम्मद अजीज,अजीज अहमद प्रधान, संतोष कुमार, नफीस अहमद, सगीर अहमद,जफर आलम सलमानी सहित काफी संख्या में अकीदतमंद और पत्रकार साथी मौजूद रहे।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी का त्योहार पूरे सुजौली क्षेत्र में आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।








































