लखनऊ।गोसाईगंज, लखनऊ के उदवतखेड़ा निवासी 35 वर्षीय पंकज कुमार यादव को 14 अगस्त की रात लगभग 12:30 बजे एपीआई अंसल में चोरों द्वारा गोली मारे जाने के बाद गंभीर हालत में एपेक्स ट्रॉमा सेंटर, SGPGIMS लाया गया। गोली पेट में लगी थी और मरीज अस्पताल पहुंचने पर गंभीर शॉक की स्थिति में था।
ट्रॉमा सेंटर में तत्काल रीससिटेशन के बाद मरीज की इमरजेंसी लैप्रोटॉमी की गई। ऑपरेशन के दौरान पेट में लगभग 1.5 लीटर रक्त पाया गया तथा छोटी आंत इलियम में गंभीर चोट मिली। छोटी आंत के लगभग 15 सेमी क्षतिग्रस्त हिस्से को निकालकर आवश्यक सर्जरी की गई।
मरीज को कई बार रक्त चढ़ाया गया तथा गंभीर स्थिति को देखते हुए 48 घंटे तक मैकेनिकल वेंटिलेटर पर रखा गया। ICU में गहन निगरानी और उपचार के बाद मरीज ने सफलतापूर्वक स्वास्थ्य लाभ किया और अब उसे स्थिर स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
ऑपरेशन प्रो. अमित कुमार सिंह, एडिशनल चीफ एवं ट्रॉमा सर्जन के नेतृत्व में डॉ. आदित्य एवं डॉ. वरुण गुप्ता, सीनियर रेजिडेंट, ट्रॉमा सर्जरी द्वारा किया गया। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. गणपत प्रसाद, डॉ. रफत शमीम, एडिशनल प्रोफेसर तथा डॉ. दीक्षा, सीनियर रेजिडेंट शामिल रहे। OT एवं ICU टीम ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
संस्थान के निदेशक पद्म श्री प्रो. आर. के. धीमन ने पूरी टीम को मरीज की जान बचाने और सफल उपचार के लिए बधाई दी।
यह मामला गंभीर ट्रॉमा मरीजों में त्वरित रीससिटेशन, आपातकालीन सर्जरी, रक्त आधान एवं उन्नत ICU सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।
एपेक्स ट्रॉमा सेंटर, SGPGIMS में 24×7 आपातकालीन ट्रॉमा, सर्जिकल एवं गहन चिकित्सा सेवाएं मरीजों को पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध हैं।











































