लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआईएमएस) के न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग ने अपने 37वें स्थापना दिवस के अवसर पर 18 से 20 सितंबर तक तीन दिवसीय शैक्षणिक एवं एलुमनी कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों, पूर्व छात्रों, संकाय सदस्यों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

समारोह की शुरुआत 18 सितंबर को एलुमनी डे से हुई। इसमें विभाग के पूर्व छात्रों ने अपने शिक्षकों एवं सहकर्मियों के साथ पुरानी स्मृतियां साझा करते हुए विभाग से अपने जुड़ाव को और मजबूत किया।
19 और 20 सितंबर को एसजीपीजीआईएमएस के डॉ. एस.एस. अग्रवाल ऑडिटोरियम में 37वीं स्थापना दिवस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। इस वर्ष संगोष्ठी का विषय “Precision Healthcare Through Nuclear Medicine: Imaging Biology, Treating Disease” रहा। यूरोप, अमेरिका और देश के विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञों ने न्यूक्लियर मेडिसिन के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों पर वैज्ञानिक चर्चा की।

संगोष्ठी में थेरानोस्टिक्स, रेडियोफार्मास्यूटिकल्स एवं रेडियोकेमिस्ट्री, डोजिमेट्री-गाइडेड रेडियोन्यूक्लाइड थेरेपी, पीएसएमए रेडियोलिगैंड थेरेपी, न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर में थेरानोस्टिक्स एवं पीआरआरटी, न्यूक्लियर कार्डियोलॉजी, डिफरेंशिएटेड थायरॉयड कैंसर, एफएपीआई इमेजिंग, अल्फा थेरेपी, नए मॉलिक्यूलर टारगेट्स तथा टोटल-बॉडी पीईटी/सीटी जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
स्थापना दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण फाउंडेशन डे ऑरेशन रहा। स्विट्जरलैंड के यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ज्यूरिख के वरिष्ठ कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट एवं कार्डियक इमेजिंग विशेषज्ञ डॉ. मेड. अजुपझेनकोट्टिल ने “Beyond the Visible: Precision Cardiovascular Medicine through Imaging” विषय पर व्याख्यान दिया।

समारोह में दीप प्रज्वलन, संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के संबोधन, पौधारोपण तथा पूर्व विभागाध्यक्षों का सम्मान किया गया। इस दौरान विभाग के पूर्व संकाय सदस्यों स्वर्गीय प्रो. बी.के. दास एवं डॉ. ए.बी. सेवाटकर को भी स्मरण किया गया।
तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, मॉलिक्यूलर इमेजिंग, रेडियोफार्मास्यूटिकल विज्ञान, थेरानोस्टिक्स एवं रोगी-केंद्रित प्रिसीजन हेल्थकेयर को आगे बढ़ाने तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।








































