रूपईडीहा, बहराइच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विधानसभा नानपारा के नगर पंचायत रूपईडीहा स्थित लॉर्ड बुद्ध महाविद्यालय परिसर में गुरुवार को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन एवं श्रम विभाग एवं लॉर्ड बुद्धा महाविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित मेले में 21 कंपनियों ने प्रतिभाग कर क्षेत्र के युवक-युवतियों को रोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए।रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि नानपारा विधायक रामनिवास वर्मा ने किया। विशेष अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं महाविद्यालय प्रबंधक हरिश्चंद्र उर्फ बंटू भैया मौजूद रहे। मेले में क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने पहुंचकर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से रोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त की और अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया।इस अवसर पर लॉर्ड बुद्ध फार्मेसी कॉलेज के प्रबंध निदेशक यशपाल, आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, तारिक अशरफ मेकरानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।मेले में इंडियन बैंक रूपईडीहा शाखा की ओर से शाखा प्रबंधक पवन सिंह के निर्देशन में बैंक कर्मियों ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं ऋण योजनाओं की जानकारी दी। बैंक की ओर से पात्र आवेदकों को पांच लाख रुपये तक की ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।आयोजकों के अनुसार रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को उनकी योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। मेले में सैकड़ों युवक-युवतियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न रोजगार अवसरों के लिए आवेदन किया।










































