अब्दुल कादिर खान /इरशाद हुसैन

नेपाल से चोरी कर लाई गई थी मोटरसाइकिल, बोरो और गत्तों में भरे पटाखे बरामद
रूपईडीहा, बहराइच। आगामी दशहरा और दीपावली त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण, बिक्री और निर्माण पर रोक लगाने तथा भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रूपईडीहा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल, पांच बोरी और दो गत्तों में भरे विभिन्न ब्रांड के अवैध पटाखे, दो मोबाइल फोन और 2,665 नेपाली रुपये बरामद किए हैं।रुपईडीह पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा हरेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने पचपकड़ी गांव के बाहर मंदिर के पास पश्चिम दिशा में करीब ढाई किलोमीटर की दूरी पर आरोपी को पकड़ा।गिरफ्तार युवक की पहचान संजय कुमार लोध पुत्र श्याम लाल लोध निवासी वार्ड नंबर एक, नेपालगंज, जिला बांके, नेपाल, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बरामद पल्सर मोटरसाइकिल पर नेपाली नंबर प्लेट लगी थी और उसे नेपाल से चोरी कर अवैध सामान ढोने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।संयुक्त टीम को आरोपी के पास से जेनिस स्पिनर, टर्की क्रैकर्स, शेन पंजाब, सीता गीता सुप्रीम, क्लासिक बम, मिनी बुलेट, फ्लावर पॉट और कैटलिंग क्रैकर्स सहित विभिन्न ब्रांड के पटाखे मिले। इसके अलावा एक वीवो और एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।







































