अब्दुल कादिर खान/ मोहम्मद रफीक
बहराइच। निशानगाड़ा रेंज के भट्ठा बरगदहा गांव में शाम करीब 6 बजे की घटना, ग्रामीणों ने हाका लगाकर छुड़ाया था*संवाददाता मिहीपुरवा कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत भट्ठा बरगदहा गांव में गुरुवार शाम करीब 6 बजे दिल दहला देने वाली घटना हुई। गन्ने के खेत से अचानक निकले तेंदुए ने घर के बाहर मां की गोद में बैठी 6 वर्षीय मासूम रागिनी को दबोच लिया और खींचकर गन्ने के खेत में ले गया।

बताया जा रहा है कि बच्ची की मां किरण अपनी 6 वर्षीय पुत्री रागिनी को गोद में लेकर घर के बाहर बैठी थी। तभी अचानक गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने झपट्टा मारकर बच्ची को दबोच लिया। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े।ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तेंदुए का पीछा किया और जोरदार हाका लगाया। ग्रामीणों की सूझबूझ और हिम्मत से मासूम को गन्ने के खेत से छुड़ाकर बरामद कर लिया गया।
तेंदुआ मौके से भाग गया।तेंदुए के हमले में मासूम के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें और खरोंच के निशान आए थे। ग्रामीणों ने तुरंत बाइक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही मासूम रागिनी की मौत हो गई।घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। सूचना पर रेंजर शिव कुमार और वन रक्षक अब्दुल सलाम टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। वन विभाग की टीम इलाके में निगरानी कर रही है।











































