दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कंंझावला केस की पीड़िता अंजलि के परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। केजरीवाल ने अंजलि की मां से बात की और उनके इलाज समेत 4 वादे किए हैं।
मुख्यमंत्री ने अंजलि को न्याय दिलाने के लिए कानूनी मदद से लेकर भविष्य में परिवार की जरूरतों को पूरा करने का भी भरोसा दिया है।
दिल्ली के सीएम ने मंगलवार को ट्वीट किया, ”पीड़िता की मां से बात हुई। बेटी को न्याय दिलवाएंगे। बड़े से बड़ा वकील खड़ा करेंगे। उनकी मां बीमार रहती हैं। उनका पूरा इलाज करवाएंगे। पीड़िता के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देंगे। सरकार पीड़िता के परिवार के साथ है। भविष्य में भी कोई जरूरत हुई तो हम पूरा करेंगे।” इससे पहले सोमवार को केजरीवाल ने एलजी वीके सक्सेना से बात की थी और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की थी। आज आम आदमी पार्टी के विधायकों ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात की और अपनी मांगें रखीं।
पिता की मौत के बाद बीमार मां समेत पूरे परिवार के लिए अजंलि एकमात्र सहारा थी। वह परिवार में एकमात्र कमाने वाली थी। 31 दिसंबर की देर रात वह अपनी स्कूटी से सहली के साथ एक होटल में पार्टी करके लौट रही थी। रास्ते में उसकी स्कूटी कार से टकरा गई और वह कार के नीचे फंस गई। अंजलि को करीब 12 किलोमीटर तक घसीटा गया था और कंझावला में एक सड़क पर वह नग्न अवस्था में पाई गई थी।
सुल्तानपुरी की रहने वाली अंजलि एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में ‘पार्ट-टाइम’ जॉब करती थी। पुलिस ने कार सवार पांच लोगों पर सोमवार को गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस पर हालांकि मामले में ‘ढुलमुल जांच’ करने का भी आरोप लगा। पांचों आरोपियों को सोमवार को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी नशे में थे। आरोपियों का कहना है कि गाड़ी में तेज आवाज में म्यूजिक बजने की वजह से उन्हें इस बात का पता नहीं चला कि कार के नीचे कोई फंसा है।





























