हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट के बाद संकट में घिरे अडानी समूह को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज NSE से अच्छी खबर मिली है। NSE ने समूह की दो कंपनियों को एडिशनल सर्विलांस मेजर्स (ASM) से बाहर कर दिया है।
ये दो कंपनियां- अडानी पोर्ट्स और अंबुजा सीमेंट्स हैं। आपको बता दें कि इस महीने की शुरुआत में NSE ने समूह की 3 कंपनियों के शेयरों में अस्थिरता को रोकने के लिए शॉर्ट टर्म ASM फ्रेमवर्क में डाला था। ये तीन कंपनियां- अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट्स और अंबुजा सीमेंट्स हैं। कहने का मतलब है कि अब सिर्फ अडानी एंटरप्राइजेज NSE के ASM फ्रेमवर्क में है।
क्या है इसका मतलब: एडिशनल सर्विलांस मेजर्स यानी ASM सेबी और स्टॉक एक्सचेंजों की पहल का एक हिस्सा होता है। इस व्यवस्था को शेयरों की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव की स्थिति को रोकने के लिए लागू किया जाता है। इसे किसी कार्रवाई की तरह नहीं देखा जाता है।
इस पहल के जरिए मार्केट पर भरोसा बढ़ाने और निवेशकों के हितों की रक्षा की कोशिश होती है। जो कंपनियां ASM के अंदर होती हैं उन पर कॉर्पोरेट एक्शन का कोई फर्क नहीं पड़ता है।
मूडीज ने दिया झटका: इस बीच, मूडीज इन्वेस्टर्स सर्विस ने बाजार मूल्यांकन में भारी गिरावट के बाद अडानी समूह की चार कंपनियों के रेटिंग आउटलुक को घटाकर स्थिर से नकारात्मक कर दिया है। मूडीज ने कहा कि अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड, अडानी ग्रीन एनर्जी रेस्ट्रिक्टेड ग्रुप, अडानी ट्रांसमिशन स्टेप-वन लिमिटेड और अडानी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड का आउटलुक स्थिर से नकारात्मक कर दिया गया है।



































