बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 का पहला टेस्ट मैच नागपुर में खेला गया था, जिसे भारत ने बड़ी आसानी से महज तीन दिन के अंदर ही एक पारी और 132 रनों से जीत लिया था। चार मैचों की टेस्ट सीरीज के अभी तीन टेस्ट बचे हैं और दूसरा टेस्ट मैच 17 फरवरी से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है।
भारत ने जिस तरह से पहले टेस्ट में दबदबा बनाए रखा, उसको देखते हुए न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज साइमन डल ने प्रिडिक्ट किया है कि भारत यह टेस्ट सीरीज 4-0 से जीतेगा। साइमन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया अगर एक भी टेस्ट जीत जाता है, तो उनको हैरानी होगी।
इसे भी Test Ranking: नंबर वन बनने की दहलीज पर अश्विन, जडेजा को भी हुआ फायदा
स्पोर्ट्स यारी पर साइमन डल ने कहा, ‘अगर ऑस्ट्रेलिया एक भी टेस्ट जीत जाता है, तो यह मेरे लिए बहुत हैरानी भरा होगा। अगर बारिश से खलल नहीं पड़ती है, तो भारत यह सीरीज 4-0 से जीतेगा। अगर किसी दिन ऑस्ट्रेलिया गेंद से दमदार प्रदर्शन करता है, या फिर स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन कोई यादगार पारी खेलते हैं, तो यह सीरीज का रिजल्ट भारत के पक्ष में 3-1 से होगा, नहीं तो मुझे तो 4-0 ही रिजल्ट दिख रहा है।’ ऑस्ट्रेलिया ने लेफ्ट आर्म स्पिनर मैथ्यू कुह्नमन को स्क्वॉड में शामिल किया है।
इसे भी IND vs AUS: दिल्ली के इन 2 रिकॉर्ड से कांप जाएगी कंगारुओं की ‘रूह’
लेकिन अब यह देखना मजेदार होगा कि क्या टॉड मर्फी के शानदार डेब्यू के बाद उनको प्लेइंग XI में मौका मिल भी पाता है या नहीं। साइमन डल ने आगे कहा, ‘जो लोग भी भारत में या सब कॉन्टिनेंट में पिच को लेकर कुछ लिखते हैं, वह सिर्फ क्लिकबेट चाहते हैं। वह सिर्फ ज्यादा फॉलोअर्स चाहते हैं। आप यह नहीं कह सकते हैं कि हमने हाल में ऑस्ट्रेलिया में जो टेस्ट विकेट देखे थे, वह होम फ्रेंडली नहीं थे। जब तक कि पिच से किसी को खतरा नहीं है, मुझे इसमें कोई दिक्कत नजर नहीं आती है। अगर पहले दो दिन में स्पिन मिलती है या फिर पहले घंटे में ही स्पिन मिलती है, तो मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है। मुझे नहीं लगता कि लोग अब ब्रायन लारा, सचिन तेंदुलकर या राहुल द्रविड़ जैसे स्पिनरों को अच्छे से खेलते हैं। इतना ही नहीं मौजूदा भारतीय बल्लेबाज भी स्पिन के खिलाफ कुछ खास नहीं खेल पाते हैं। वे बाकी दुनिया के बल्लेबाजों से बेहतर खेल लेते हैं, और इसलिए होम कंडीशन में सफल होते हैं।’



































