दिल्ली से सटे गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित ‘एसोटेक द नेस्ट’ (Assotech The Nest) सोसायटी में बुधवार को भारी बवाल देखने को मिला। अर्बन कंपनी (इंस्टा हेल्प) से जुड़ी दर्जनों घरेलू सहायिकाओं (मेड्स) ने सोसायटी में जबरन घुसकर हंगामा किया और सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट की।
क्या है पूरा मामला? विवाद की शुरुआत एक बुकिंग को लेकर हुई। हंगामा करने वाली एक घरेलू सहायिका ने बताया कि उनकी एक साथी की बुकिंग सोसायटी के ‘E’ टॉवर में आई थी। जब वह वहां पहुंची, तो उसे ‘F’ टॉवर जाने के लिए कहा गया। सहायिका द्वारा मना करने पर कथित तौर पर फ्लैट मालकिन ने उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर पुलिस ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और मेडिकल कराने की सलाह दी।
पुलिस के आश्वासन के बाद भी भड़का गुस्सा पुलिस के उचित कार्रवाई के भरोसे के बावजूद, बुधवार शाम को अर्बन कंपनी की दर्जनों अन्य घरेलू सहायिकाएं अपनी साथी के समर्थन में सोसायटी के गेट पर इकट्ठा हो गईं। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और ये महिलाएं जबरन सोसायटी के अंदर घुस गईं।
गार्ड का सिर फूटा, पुलिस करती रही बीच-बचाव सोसायटी में घुसने के दौरान सहायिकाओं और सुरक्षा गार्डों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस मारपीट में एक गार्ड के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि एक घरेलू सहायिका के भी घायल होने की खबर है। मौके पर मौजूद पुलिस बीच-बचाव करने और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश करती नजर आई।



































