गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की जनता को आश्वस्त किया है कि मौजूदा वैश्विक हालात के बीच पैनिक (घबराहट) में आने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रसोई गैस (LPG) या पेट्रोल-डीजल के लिए फिलिंग स्टेशनों और एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है, सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही हैं।
‘तय समय पर घर पहुंचेगा गैस सिलेंडर’ गुरुवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में ‘सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने यह बात कही। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि गल्फ वॉर से पहले जो सिलेंडर महीने भर चलता था, लोग अब उसे 5-6 दिन में ही लेने क्यों पहुंच रहे हैं? मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन को निर्देश दे दिए गए हैं। लोग निर्धारित समय पर ही बुकिंग कराएं, सिलेंडर पहले की तरह होम डिलीवरी के जरिए घर तक पहुंचेगा। पेट्रोल-डीजल भी तभी लें जब वास्तव में आवश्यकता हो।
‘अफवाहें फैलाने वालों से रहें सावधान’ सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग साजिश के तहत अफवाहें फैलाकर राज्य का माहौल और व्यवस्था खराब करना चाहते हैं। उन्होंने जनता से उतावलेपन और दुष्प्रचार से बचने की अपील की। सीएम ने कहा, “अगर हम अफवाहों के चक्कर में पड़ते हैं, तो लोग हमारी राष्ट्रभक्ति पर संदेह करेंगे। हमें अपने राष्ट्रीय नेतृत्व पर भरोसा रखना चाहिए।” इसके साथ ही उन्होंने उत्साहपूर्वक रामनवमी मनाने की बात कही और बताया कि रामजन्मभूमि पर भगवान श्रीराम का ‘सूर्य तिलक’ होगा।
वैश्विक संकट और भारत की स्थिति मुख्यमंत्री ने ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच जारी युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि पूरी दुनिया में हाहाकार और अव्यवस्था है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित है। हालांकि, उन्होंने सचेत किया कि अगर युद्ध लंबा खिंचा, तो हर कोई प्रभावित होगा। इसलिए हमें मानसिक रूप से तैयार रहना होगा। संकट के समय अफवाहों पर ध्यान न देकर सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।





































