वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे भारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के ऊर्जा और तेल बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जाने वाले संभावित हमलों पर लगी रोक को 10 दिनों के लिए और बढ़ा रहे हैं। अब यह रोक सोमवार, 6 अप्रैल 2026 तक लागू रहेगी।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि यह फैसला सीधे तौर पर ईरान सरकार के अनुरोध पर लिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तेहरान के शीर्ष अधिकारियों के साथ शांति को लेकर चल रही बातचीत “बहुत अच्छी” चल रही है।
यह कदम वैश्विक ऊर्जा बाजारों के लिए एक बड़ी राहत माना जा रहा है। पिछले कुछ हफ्तों से इस बात का डर बना हुआ था कि अगर अमेरिका या इजरायल ने ईरान के तेल ठिकानों पर हमला किया, तो कच्चे तेल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हो सकती है। ट्रंप की इस मोहलत से अब कूटनीतिक समाधान की उम्मीदें बढ़ गई हैं, हालांकि मध्य पूर्व में हालात अभी भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।





































