वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र के साजन तिराहे पर गुरुवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद वाराणसी पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। बेकाबू कार द्वारा आधा दर्जन लोगों को कुचलने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दो लोगों की स्थिति गंभीर है।
शहर के मुख्य मार्ग पर हुई इस दुस्साहसिक घटना के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले हैं। रात 9:51 बजे के एक फुटेज में कार और उसके द्वारा की गई पूरी वारदात कैद हो गई है, जिसमें चालक लोगों को टक्कर मारने के बाद बैक करके दोबारा कुचलता हुआ नजर आ रहा है।
सिगरा पुलिस अब इसी CCTV वीडियो के आधार पर कार के नंबर और आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है। शहर के अलग-अलग चौराहों पर भी अलर्ट भेज दिया गया है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।



































