शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील, अफवाहों से बचने को कहा
मोतीपुर, बहराइच। आगामी दीपावली, छठ पूजा व अन्य त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को थाना मोतीपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम मिहींपुरवा मोनालिसा जौहरी ने की।बैठक में एसडीएम ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों एवं संभ्रांत नागरिकों से सीधा संवाद किया और सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।एसडीएम जौहरी ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी समुदाय एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और प्रशासन का सहयोग करें।उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के कोई भी खबर सोशल मीडिया पर शेयर न करें। सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और प्रभावी गश्त व निगरानी सुनिश्चित की जाए।इस अवसर पर सीओ मिहींपुरवा अमित प्रताप सिंह ने कहा कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। उन्होंने कहा कि त्योहारों में डीजे की तेज आवाज और आतिशबाजी के तय मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा।बैठक में तहसीलदार मिहींपुरवा, थानाध्यक्ष मोतीपुर ब्रह्मा गौड़, हल्का लेखपाल, चौकी प्रभारी सहित पीस कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।










































