मिहींपुरवा बहराइच कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की कतर्नियाघाट रेंज में अंतरराष्ट्रीय गिद्ध जागरूकता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शारदा सहायक परियोजना इंटर कॉलेज में किया गया।

इस दौरान स्कूली बच्चों के लिए चार प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। पहला, गिद्ध और प्रकृति पेंटिंग प्रतियोगिता, दूसरा पेपर फोल्डिंग और पेपर कटिंग प्रतियोगिता, तीसरा एरियल वल्चर फॉर्मेशन और चौथा नेचर वॉक। बच्चों ने उत्साह के साथ सभी गतिविधियों में हिस्सा लिया।
एरियल वल्चर फॉर्मेशन में बच्चों ने मैदान में गिद्ध की विशाल आकृति बनाकर सभी का ध्यान खींचा। पेंटिंग के माध्यम से बच्चों ने गिद्धों के महत्व को दर्शाया।
रेन्जर आशीष गौड़ ने छात्रों को बताया कि गिद्ध हमारे पर्यावरण के लिए कितने जरूरी हैं। वे मृत जीवों को खाकर पर्यावरण को साफ रखते हैं, इसलिए उन्हें प्रकृति का सफाईकर्मी कहा जाता है। अधिकारियों ने गिद्धों की घटती आबादी के कारणों जैसे दवाओं का दुष्प्रभाव और भोजन की कमी के बारे में भी जानकारी दी।
बच्चों को बताया गया कि अगली पीढ़ी किस तरह गिद्धों का संरक्षण कर सकती है। इस मौके पर रेंज के अधिकारी, कॉलेज के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।







































