लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के कलाम सेंटर में केजीएमयू शिक्षक संघ द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद के कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने तथा उन्हें दूसरा कार्यकाल मिलने के उपलक्ष्य में उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक शिक्षक उपस्थित रहे और 419 क्षमता वाला सभागार खचाखच भरा रहा।

कार्यक्रम में शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. के.के.सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि केजीएमयू शिक्षक संघ अन्य संस्थानों के शिक्षक संघों से अलग है। संघ का उद्देश्य केवल शिक्षकों की मांगों को पूरा कराना नहीं, बल्कि केजीएमयू की प्रतिष्ठा को और मजबूत करना तथा विश्वविद्यालय में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए शिक्षक संघ ने सदैव विश्वविद्यालय प्रशासन को पूर्ण सहयोग दिया है, जिसके सकारात्मक परिणाम के रूप में केजीएमयू को A++ ग्रेड सहित अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं।

उन्होंने पूरे शिक्षक संघ की ओर से प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद को उनके तीन वर्ष के कार्यकाल की पूर्णता एवं दूसरे कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षक संघ भविष्य में भी विश्वविद्यालय के हित में कुलपति के साथ हर परिस्थिति में पूर्ण सहयोग करता रहेगा।
अपने संबोधन में प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने शिक्षक संघ एवं सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आने वाले कार्यकाल में उनका लक्ष्य केजीएमयू को अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग एवं ग्रेडिंग में और बेहतर स्थान दिलाना, शोध कार्यों को सुदृढ़ करना तथा केजीएमयू को Institute of National Importance (INI) का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास प्रारंभ करना है।
शिक्षक संघ के सचिव प्रोफेसर संतोष कुमार ने अपने संबोधन में पिछले तीन वर्षों के दौरान केजीएमयू द्वारा हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया तथा प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद को उनके दूसरे कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम के अंत में डा.भास्कर अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों के साथ-साथ विशेष रूप से उपस्थित सेवानिवृत्त शिक्षकों के प्रति भी आभार व्यक्त किया और उनके कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।











































