रुपईडीहा, बहराइच। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रुपईडीहा पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 155 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांश गौतम के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने 27 अगस्त 2026 की रात करीब 8:55 बजे पिलर संख्या 651/11 के पास कार्रवाई की।
इस दौरान जावेद खां पुत्र महमूद खां, उम्र करीब 36 वर्ष, निवासी सुभानपुरवा, टेपरा थाना रामगांव, जनपद बहराइच को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 155 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना रुपईडीहा में मु0अ0सं0 230/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय बहराइच रवाना कर दिया गया।
बरामदगी में 155 ग्राम अवैध स्मैक, एक ओप्पो मोबाइल फोन तथा वाहन संख्या UP46R2296 मोटरसाइकिल शामिल है।
कार्रवाई में रुपईडीहा पुलिस टीम के प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अजय कुमार सहित पुलिसकर्मी तथा 42वीं वाहिनी एसएसबी के जवान शामिल रहे।








































