अब्दुल कादिर खान ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय हिंदी दैनिक ई पेपर खरी कसौटी

नानपारा/बहराइच।शिवपुर ब्लॉक क्षेत्र के रामपुर बाजार में संचालित बताए जा रहे चंद्रकला अस्पताल को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के बिना वैध पंजीकरण संचालित होने की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोटिस दिए जाने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं जारी रहने के आरोप लगाए जा रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल संचालक को कार्रवाई के संबंध में नोटिस दिया था। आरोप है कि नोटिस को बाद में फाड़कर हटा दिया गया। इसके बावजूद अस्पताल में मरीजों का इलाज किए जाने की सूचना सामने आने से विभागीय कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं।क्षेत्रवासियों के मुताबिक अस्पताल के पंजीकरण, चिकित्सकीय मानकों और अन्य जरूरी दस्तावेजों की स्थिति अब तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल के पास आवश्यक अनुमति या पंजीकरण नहीं है तो वहां मरीजों का उपचार किस आधार पर जारी है, इसकी जांच जरूरी है। वहीं, यदि सभी दस्तावेज वैध हैं तो उनकी स्थिति सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किए जाने की मांग भी उठ रही है।मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है। फिलहाल चंद्रकला अस्पताल के संचालन को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल के पंजीकरण और संचालन से जुड़े क्या तथ्य सामने आते हैं और विभाग की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है।इस मामले को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी को फोन किया तो अन्य व्यक्ति द्वारा बताया गया कि डीएम साहब की मीटिंग में है आने पर बात करवा दूंगा।








































