अब्दुल कादिर खान ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय हिंदी दैनिक ई पेपर खरी कसौटी
बहराइच। कोतवाली देहात पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हुई झपटमारी का खुलासा करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
उनके पास से लूटे गए 49,500 रुपये नकद, एक टैबलेट और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद हुई हैं।पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह और सीओ नारायण दत्त मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि 14 अक्टूबर को भारत फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी सतीश चंद्र वसूली कर बेड़नापुर से बहराइच लौट रहे थे। महाकाल पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर बैग छीन लिया था। बैग में नकदी, टैबलेट, पावर बैंक और बायोमेट्रिक मशीन थी।
इस मामले में थाना कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अहिरनपुरवा गोलवा से कहारनपुरवा मार्ग पर घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्हें कर्मचारी के आने-जाने की जानकारी थी और योजना बनाकर लूट की थी।
लूट की रकम आपस में बांट ली थी और बैग व मशीन रास्ते में फेंक दी थी।गिरफ्तार अभियुक्त सत्यदेव उर्फ सत्या, विपिन यादव, बड़कऊ उर्फ हुसैन और सत्येन्द्र उर्फ सचिन निवासी थाना फखरपुर और बौण्डी क्षेत्र के हैं। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया है।










































