ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सप्ताह का हर दिन किसी न किसी ग्रह से जुड़ा होता है। ग्रहों का प्रभाव उस दिन जन्म लेने वाले बच्चों के स्वभाव पर भी दिखाई देता है। आज हम बात कर रहे हैं रविवार को जन्मे लोगों के बारे में, जिन पर सूर्य देव का प्रभाव माना जाता है। यही वजह है कि उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रभावशाली व्यक्तित्व जैसे गुण देखने को मिलते हैं। लेकिन इनकी कुछ कमियां भी होती हैं। तो चलिए जानते हैं कैसे होते हैं रविवार को जन्मे लोग।
सूर्य देव का दिन
रविवार का दिन सूर्य देव को समर्पित माना जाता है। ज्योतिष में सूर्य को ग्रहों का राजा कहा गया है। ऐसे में रविवार को जन्म लेने वाले लोगों के व्यक्तित्व में भी सूर्य से जुड़े गुण साफ दिखाई देते हैं। वे जहां भी जाते हैं, अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहते हैं।
व्यक्तित्व की प्रमुख विशेषताएं
- स्वाभिमानी: रविवार को जन्मे जातक अपने सम्मान और आत्मसम्मान को बेहद महत्व देते हैं। वे किसी भी परिस्थिति में अपने स्वाभिमान से समझौता करना पसंद नहीं करते। यही गुण उन्हें दूसरों से अलग बनाता है और उनके व्यक्तित्व में एक खास गरिमा जोड़ता है।
- आत्मविश्वास से भरा व्यक्तित्व: इन लोगों में गजब का आत्मविश्वास होता है। मुश्किल हालात में भी वे हार नहीं मानते। मजबूत मनोबल की वजह से वे ऐसे काम भी कर दिखाते हैं, जिन्हें दूसरे लोग कठिन या असंभव मानते हैं।
- आजादी पसंद: ये लोग स्वतंत्र विचारों वाले होते हैं। उन्हें किसी के अधीन रहकर काम करना ज्यादा पसंद नहीं आता। वे अपनी पहचान और निर्णय क्षमता के दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं और अक्सर नेतृत्व की भूमिका में नजर आते हैं।
- स्पष्ट बोलने की आदत: इन लोगों की एक खास पहचान उनकी स्पष्टवादिता होती है। वे बातों को घुमा-फिराकर कहने के बजाय सीधे और साफ तरीके से अपनी राय रखते हैं।
करियर में पाते हैं बड़ी सफलता
ये जातक अपने नेतृत्व कौशल के दम पर करियर में अच्छी पहचान बनाते हैं। इनमें आगे बढ़ने और शीर्ष स्थान हासिल करने की तीव्र इच्छा होती है। यही कारण है कि वे अक्सर जिम्मेदार और प्रभावशाली पदों तक पहुंच जाते हैं। रविवार को जन्मे लोग राजनीति, प्रशासन और सरकारी सेवाओं जैसे क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। इनमें फैसले लेने की क्षमता मजबूत होती है और टीम को दिशा देने का गुण भी होता है।
इन 3 कमियों से रहें सतर्क
- रविवार को जन्मे लोगों का स्वाभिमान कई बार दूसरों को अहंकार जैसा लग सकता है, जिससे गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं।
- इनमें जिद्दी स्वभाव और दूसरों पर अपनी बात मनवाने की प्रवृत्ति भी देखी जाती है।
- इन्हें जल्दी गुस्सा भी आ सकता है। हालांकि इनका गुस्सा ज्यादा समय तक नहीं टिकता, लेकिन इससे रिश्तों और कामकाज पर गलत असर पड़ता है।





































