रुपईडीहा बहराइच
जिलेवासियों के लंबे इंतजार के बाद बहराइच-नेपालगंज रोड रेलखंड पर यात्री ट्रेनों का संचालन 31 अगस्त 2026 से शुरू होने जा रहा है। आमान परिवर्तन और विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने के बाद रेलवे ने इस रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन को मंजूरी दी है।
इससे नेपालगंज रोड, बाबागंज, नानपारा, मटेरा, रिसिया और बहराइच सहित सीमावर्ती क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। नई रेल कनेक्टिविटी से बहराइच का संपर्क वाराणसी और गोंडा से भी मजबूत होगा।
चार प्रमुख ट्रेनों का संचालन
शुरुआत में इस रेलखंड पर दो एक्सप्रेस तथा दो मेमू/पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की जानकारी सामने आई है। इनमें नेपालगंज रोड-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस प्रमुख हैं। इसके अलावा गोंडा-नेपालगंज रोड के बीच मेमू/पैसेंजर सेवा भी शुरू होगी।
जानकारी के अनुसार नेपालगंज रोड से वाराणसी जाने वाली इंटरसिटी सुबह करीब 4 बजे रवाना होकर दोपहर 1:35 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में वाराणसी से ट्रेन दोपहर 2 बजे चलकर रात करीब 11 बजे नेपालगंज रोड पहुंचेगी।
व्यापार और आवागमन को मिलेगा बढ़ावा
रेल सेवा शुरू होने से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में आवागमन आसान होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से ट्रेन संचालन का इंतजार कर रहे बहराइच, नानपारा, रुपईडीहा, बाबागंज और आसपास के लोगों के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
31 अगस्त को बहराइच से ट्रेन संचालन का शुभारंभ सांसद डॉ. आनंद गोंड द्वारा किए जाने तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा वर्चुअल माध्यम से विस्तारित रेल कनेक्टिविटी का शुभारंभ किए जाने की जानकारी सामने आई है।








































