सलहौतुओनुओ क्रूस नागालैंड की पहली दो महिला विधायकों में से एक हैं। 56 वर्षीय क्रूस ने मात्र पांच दिन पहले ही 7 वोटों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। दिलचस्प बात है कि कभी इसी सीट से उनके पति चुनाव हार गए थे।
इस जीत के साथ उन्होंने अपने पति के अधूरे सपने को भी पूरा कर दिखाया है। अब मंगलवार को क्रूस ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। क्रूस ने नागालैंड की पहली महिला कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की है। जब क्रूस के शपथग्रहण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद मौजूद थे और उन्होंने हाथ मिलाकर उन्हें बधाई दी।
लगातार रही हैं सक्रिय
क्रूस ने 1986 में कोहिमा कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की है। वह एक शिक्षाविद हैं और नागालैंड के चुमोकेदिमा जिले में स्थित एक प्राइवेट स्कूल की मालकिन हैं। उनके पति स्वर्गीय केविसेखो क्रूज ने भी राजनीति में किस्मत आजमाई थी। हालांकि 2018 के चुनाव में वह इसी सीट से चुनाव हार गए थे। अब क्रूस अपने पति की अधूरी इच्छा को पूरा करना चाहती हैं। दो दशक से ज्यादा के लोकजीवन कार्यकाल में क्रूस विभिन्न सिविल सोसायटी संगठनों में शामिल रह चुकी हैं। इसके अलावा वह अंगामी आदिवासी महिला संगठन की प्रमुख भी रहीं। मुख्यमंत्री नेफी रियो ने कहा कि उनकी पार्टी की दोनों विधायक क्रूस और जखालू बेहद सक्षम महिला हैं। रियो ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और जेंडर इक्वैलिटी हमारे एजेंडा का हिस्सा है।
भगवान का अदा किया शुक्रिया
क्रूस आदिवासी पुरुषों के वर्चस्व वाले शीर्ष संगठन् अंगामी पब्लिक संगठन की एडवाइजरी बोर्ड सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। मंगलवार को प्रदेश की पहली महिला मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद क्रूस ने कहा कि मैं भगवान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैं काफी खुश हूं और उम्मीद करती हूं कि अपने लोगों के लिए कुछ कर सकूंगी। नागा समाज की लड़कियों और महिलाओं को दिए संदेश में क्रूस ने उनसे हिम्मती बनने और कड़ी मेहनत के जरिए अपने सपनों को हासिल करने की बात की। गौरतलब है कि मंत्रियों को अभी पोर्टफोलियो अलॉट नहीं किया गया है।
दोनों एनडीपीपी की विधायक
दो मार्च को घोषित हुए नागालैंड विधानसभा चुनाव के परिणामों में क्रूस ने पश्चिमी अंगामी सीट से जीत दर्ज की। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार केनीझाखो नाखरो को सात वोटों से हराया। उनके अलावा दूसरी विजेता महिला उम्मीदवार हेकानी जाखालू रहीं। उन्होंने दीमापुर-।।। सीट पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की उम्मीदवार अझेटो झिमोमी को 1500 से ज्यादा वोटों से हराया। यह दोनों ही एनडीपीपी की विधायक हैं। अपनी जीत के बाद क्रूस ने कहा था कि मैं अपने सभी समर्थकों का शुक्रिया अदा करती हूं। मुझे यह मौका देने के लिए शुक्रिया। उन्होंने कहा था कि अपना चुनाव प्रमाण पत्र हासिल करने के बाद मैं लोगों से मिलूंगी और उसके बाद हम मिलकर प्रार्थना करेंगे।



































