सिंगिंग कॉन्टेस्ट सीजन-5 का सेमीफाइनल, पुस्तक विमोचन, नृत्य प्रतियोगिता और डांडिया उत्सव ने बांधा समां
लखनऊ। लखनऊ कनेक्शन वर्ल्डवाइड फाउंडेशन (LCWWF) के सांस्कृतिक विंग द्वारा रविवार को होटल गोल्डन एप्पल, महानगर, लखनऊ में ‘I’M THE BEST – 3 IN 1’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। संगीत, साहित्य, नृत्य और पारिवारिक उल्लास से सजे इस समारोह में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रख्यात अंतरराष्ट्रीय कवयित्री एवं गायिका डॉ. मालविका हरिओम रहीं, जबकि डॉ. पदम दीक्षित विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. मालविका हरिओम ने LCWWF के प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के प्रयासों की सराहना की और गायन प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण LCWWF सिंगिंग कॉन्टेस्ट सीजन-5 का सेमीफाइनल रहा, जिसमें 24 प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में सुश्री स्मिता स्कॉट एवं श्री जी.सी. बहुगुणा शामिल रहे।
इस अवसर पर विनोद श्रीवास्तव के प्रथम ग़ज़ल संग्रह ‘दिल की बातें’ का विमोचन भी किया गया। वहीं, नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसका समन्वय दीप्ति वर्मा ने किया, जबकि गीता सक्सेना एवं रागिनी श्रीवास्तव निर्णायक रहीं।

नवरात्रि के उल्लास के बीच रंगारंग डांडिया उत्सव ने समारोह में चार चाँद लगा दिए। सदस्यों के जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगाँठ भी हर्षोल्लास से मनाई गईं।
कार्यक्रम का निर्देशन डॉ. राजीव सक्सेना ने किया तथा डॉ. विश्वास वर्मा कार्यक्रम प्रमुख रहे। मंच संचालन श्री नवीन कोहली, श्रीमती तृप्ति पांडेय एवं श्रीमती पूजा श्रीवास्तव ने किया। डांडिया एवं पारिवारिक समारोहों के समन्वय में श्रीमती नीरजा शुक्ला का विशेष योगदान रहा।
LCWWF के संस्थापक सुनील मिश्रा ने दिल्ली से तथा वरिष्ठ प्रशासक शोएब कुरैशी ने सऊदी अरब से शुभकामना संदेश भेजकर आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
रात्रिभोज के साथ संपन्न हुए इस समारोह ने LCWWF की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, रचनात्मकता को बढ़ावा देने और वैश्विक स्तर पर सदस्यों के बीच आत्मीयता एवं एकता मजबूत करने की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।










































