सेंट मार्क्स सीनियर सेकेण्डरी पब्लिक स्कूल, नई दिल्ली ने जीती ओवरऑल चैम्पियनशिप

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजाजीपुरम प्रथम कैम्पस द्वारा आयोजित चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय साहित्यिक ओलम्पियाड ‘ओडिसी इण्टरनेशनल-2026’ का भव्य समापन आज विद्यालय के डा. जगदीश गाँधी ऑडिटोरियम में हुआ। इस अवसर पर रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच देश-विदेश के प्रतिभागी विजयी छात्रों को शील्ड, मैडल व सार्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। सेंट मार्क्स सीनियर सेकेण्डरी पब्लिक स्कूल, नई दिल्ली की छात्र टीम ने ‘ओडिसी इण्टरनेशनल-2026’ की ओवरऑल चैम्पियनशिप ट्राफी जीतकर अपने ज्ञान-विज्ञान का परचम लहराया जबकि आर्यन इण्टरनेशनल स्कूल, वाराणसी के छात्रों ने रनरअप ट्राफी पर कब्जा जमाया। ‘लिटरेचर फॉर लॉस्टिंग अर्थ’ थीम पर आधारित ‘ओडिसी इण्टरनेशनल-2026’ का आयोजन 11 से 14 अगस्त तक डा. जगदीश गाँधी ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें नेपाल एवं देश के विभिन्न प्रान्तों से पधारे लगभग 500 छात्रों व विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया।इससे पहले, मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति सैय्यद कमर हसन रिजवी, जज, इलाहाबाद हाईकोर्ट, लखनऊ बेंच, ने दीप प्रज्वलित कर समापन समारोह का उद्घाटन किया एवं विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में न्यायमूर्ति रिजवी ने कहा कि ओडिसी जैसे समारोह शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, साथ ही हमें यह अहसास कराते हैं कि विचारों को बाँधा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि तकनीकी उन्नति के साथ ही पर्यावरण, ऊर्जा, प्राकृतिक संपदाओं का संरक्षण निःसंदेह जरूरी है, परन्तु सामाजिक न्याय, सौहार्द एवं स्थापित जीवन मूल्यों के आधार पर ही सतत् सामाजिक विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने भावी पीढ़ी का आह्वान किया कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा दें।
‘ओडिसी इण्टरनेशनल-2024’ के समापन समारोह में सी.एम.एस. छात्रों ने देश-विदेश से पधारी प्रतिभागी छात्र टीमों के सम्मान में रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों की अनूठी छटा प्रदर्शित कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर प्रतिभागी छात्र टीमों ने भी अपने विचार व्यक्त किये और एक स्वर से कहा कि यह ओलम्पियाड न सिर्फ छात्रों के प्रतिभा विकास में सहायक रहा है अपितु सामाजिक उत्थान में रचनात्मक योगदान हेतु प्रेरित किया है।
ओडिसी इण्टरनेशनल-2026 की संयोजिका एवं सी.एम.एस. राजाजीपुरम प्रथम कैम्पस की वरिष्ठ प्रधानाचार्या निशा पाण्डेय ने देश-विदेश से पधारे सभी प्रतिभागी छात्रों व टीम लीडरों को हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अगले ओडिसी में प्रतिभाग हेतु आमन्त्रित किया। उन्होंने छात्रों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि हालांकि यह ओलम्पियाड आज सम्पन्न हो रहा है, परन्तु इसके माध्यम से सतत् विकास, सामाजिक उत्थान एवं सामाजिक सौहार्द की जो मशाल जली है, उसकी प्रेरणा से सम्पूर्ण विश्व समाज लाभान्वित होगा।










































