प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का डीएम ने दिलाया भरोसा
विकास में व्यापार एवं उद्योग जगत की महत्वपूर्ण भूमिका, समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से बना रहेगा संवाद और समन्वय- जिलाधिकारी
अब्दुल कादिर खान /इरशाद हुसैन

बहराइच। डीएम ने व्यापारियों से सहयोग की जताई उम्मीद जिले के विकास में प्रशासन के साथ सहयोग और समन्वय के लिए हमेशा तत्पर है व्यापारी समाज- विनोद अग्रवाल उद्योग एवं व्यापार की संभावनाओं को बढ़ावा मिले: अमर नाथ अग्रवाल युवा कारोबारियों को सुविधाएं और प्रोत्साहन मिलने से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर- मयंक त्रिपाठी । जिला उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष विनोद अग्रवाल के नेतृत्व में नवागत जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ देकर एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर कर स्वागत किया और उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिले में उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा देने, व्यापारियों की समस्याओं तथा जिले व शहर की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई।वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष मनीष मल्होत्रा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने बाजारों में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, अतिक्रमण, व्यापारियों की सुरक्षा तथा विकास से जुड़े मुद्दे जिलाधिकारी के समक्ष रखे। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं नियमित संवाद से जिले में व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के साथ शहर की व्यवस्थाओं में भी सुधार किया जा सकता है।उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुना और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। डीएम ने कहा कि विकास में व्यापार एवं उद्योग जगत की महत्वपूर्ण भूमिका है। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से संवाद और समन्वय बनाए रखा जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से भी प्रशासन को सहयोग देने की उम्मीद जताई।*जिलाध्यक्ष विनोद अग्रवाल* ने कहा कि नवागत जिलाधिकारी से मुलाकात सकारात्मक रही। जिले के व्यापारियों की प्रमुख समस्याओं और बाजार से जुड़े विभिन्न मुद्दों से उन्हें अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल जिले के विकास में प्रशासन के साथ सहयोग और समन्वय के लिए हमेशा तैयार है। उम्मीद है कि जिला प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करेगा।*युवा उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मयंक त्रिपाठी* ने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते युवा कारोबारियों और उद्यमियों में व्यापार एवं उद्योग को लेकर काफी उत्साह है। नए युवा व्यापारियों को कारोबार शुरू करने और उसका विस्तार करने के लिए बेहतर वातावरण, सुविधाएं और प्रशासनिक सहयोग मिलना जरूरी है।उन्होंने कहा कि युवा कारोबारियों को सुविधाएं और प्रोत्साहन मिलने से रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे तथा जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने नवागत जिलाधिकारी से युवा उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने तथा उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।*आईआईए चेयरमैन अमर नाथ अग्रवाल* ने कहा कि बहराइच में उद्योग एवं व्यापार की काफी संभावनाएं हैं। जिले में आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक सहयोग को और बेहतर किया जाए तो नए उद्योग स्थापित होने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं। उन्होंने औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के साथ निरंतर संवाद की आवश्यकता बताई।*वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष प्रमोद डालमिया* ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के साथ बाजारों में साफ-सफाई, यातायात और पार्किंग जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। प्रशासन के सहयोग और व्यापारियों के साथ समन्वय से इन समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सकता है।*नानपारा व्यापार मंडल अध्यक्ष मुशीर सेठ* ने कहा कि नानपारा के व्यापारी भी जिले के विकास में प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बाजारों की यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा तथा व्यापारियों से जुड़ी स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और व्यापार मंडल के बीच निरंतर संवाद जरूरी है।इस अवसर पर आईआईए चेयरमैन अमर नाथ अग्रवाल, युवा व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मयंक त्रिपाठी, जिला महामंत्री बृजमोहन मातनहेलिया, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष प्रमोद डालमिया, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष मनीष मल्होत्रा, जिला उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, राजेश भीमराजका, नितिन बंसल, नगर महामंत्री आशीष कंसल, नगर युवा अध्यक्ष अमन अग्रवाल, नानपारा व्यापार मंडल अध्यक्ष मुशीर सेठ, गल्ला व्यापार मंडल महामंत्री दुर्गेश पांडेय सहित अनेक प्रमुख उद्योगपति एवं व्यापारी मौजूद रहे।सादर मनीष मल्होत्रा वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल बहराइच







































