2.50 लाख रुपये नकद समेत बाइक, एसी और टीवी बरामद
अब्दुल कादिर खान/इरशाद हुसैन

बहराइच। दरगाह शरीफ थाना पुलिस ने ब्लैकमेल कर जबरन वसूली करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वसूली की रकम से खरीदी गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, डैकिन एसी और सैमसंग एलईडी टीवी भी बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को एक व्यक्ति ने थाना दरगाह शरीफ में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि फत्तेपुरा निवासी हिमांशु तायल उर्फ शमी ने उसकी पत्नी से वजन कम करने की बात कहकर उसके आपत्तिजनक फोटो हासिल कर लिए। इसके बाद फोटो वायरल करने और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी देकर उसकी पत्नी से अलग-अलग समय में कुल 5.20 लाख रुपये वसूल लिए गए। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी और वसूली गई रकम की बरामदगी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने 17 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर बहराइच रेलवे स्टेशन के पास से हिमांशु तायल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो भी मिले।पूछताछ में वसूली गई शेष धनराशि के संबंध में जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से 1.50 लाख रुपये नकद बरामद किए। साथ ही वसूली की रकम से खरीदी गई एचएफ डीलक्स प्लस मोटरसाइकिल, डैकिन 1.5 टन इन्वर्टर एसी और सैमसंग एलईडी टीवी बिल सहित बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु तायल उर्फ शमी पुत्र सुभाष तायल, निवासी फत्तेपुरा, निकट डालमियां धर्मशाला, थाना कोतवाली नगर, बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दरगाह शरीफ थाने में जबरन वसूली और धमकी से संबंधित मुकदमे के अलावा कोतवाली नगर थाने में वर्ष 2012 में एनडीपीएस एक्ट तथा चोरी से संबंधित दो मुकदमे भी दर्ज हैं।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अमितेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक चन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक पंकज चौरसिया, हेड कांस्टेबल मृत्युंजय, हेड कांस्टेबल अंगद राय और कांस्टेबल विवेक यादव शामिल रहे।






































