अब्दुल कादिर खान/इरशाद हुसैन
बहराइच। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन CyVajra अभियान के तहत बहराइच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाने और उनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम मंगाने व निकालने में करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नौ मोबाइल फोन, सात आधार कार्ड, 25 एटीएम कार्ड, 14 चेकबुक, एक डीएल, एक पैन कार्ड, एक पासबुक, 12 विजिटिंग कार्ड, एक बैग, वैगनार कार और 3.90 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, थाना हरदी क्षेत्र के ग्राम सिसैय्या चूड़ामणि निवासी प्रमुख पुत्र दूजी और सिकन्दरपुर निवासी नारायण वर्मा ने 15 व 16 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि लोन दिलाने के नाम पर आरोपियों ने कूटरचित तरीके से उनके विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए और उनमें अपने मोबाइल नंबर लिंक करा दिए। इसके बाद आरोपियों ने दोनों के पासबुक, एटीएम, चेकबुक और मोबाइल नंबर अपने कब्जे में रखकर विभिन्न राज्यों के लोगों से साइबर ठगी की रकम इन खातों में मंगाई।शिकायत के मुताबिक, जब पीड़ितों को इसकी जानकारी हुई और उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि डराकर प्रमुख के खाते से 2.40 लाख रुपये तथा नारायण वर्मा के खाते से 4,800 रुपये भी निकलवा लिए गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर थाना खैरीघाट पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान मिले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तीनों वांछित आरोपियों को राजापुर मोहल्ले में हाईवे किनारे से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने लोगों को लोन का ऑफर देकर उनके बैंक खाते खुलवाने, पासबुक, चेकबुक व एटीएम अपने पास रखने तथा खातों में साइबर ठगी की रकम मंगाकर निकालने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रमुख के खाते से 2.40 लाख और नारायण वर्मा के खाते से 4,800 रुपये निकलवाने की बात भी स्वीकार की है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुफियान पुत्र अय्यूब निवासी सिघापुरवा थाना रिसिया, समीर अहमद पुत्र जमील अहमद निवासी आजाद नगर थाना रिसिया तथा कृष्ण मुरारी प्रसाद पुत्र भगत प्रसाद निवासी सिकन्दरा, जिला नवादा (बिहार) के रूप में हुई है।पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना हरदी में संबंधित धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार कृष्ण मुरारी प्रसाद के खिलाफ नोएडा में भी वर्ष 2024 में धोखाधड़ी और कूटरचना से संबंधित मुकदमा दर्ज है।गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना खैरीघाट के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, निरीक्षक जयपाल सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक ओम नारायण मिश्रा समेत पुलिसकर्मी तथा स्वाट टीम के निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राशिद अली, पूर्णेश नारायण पाण्डेय, अभिषेक सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।









































