अब्दुल कादिर खान/ इरशाद हुसैन
दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार,चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, पिस्टल व कारतूस बरामद*रुपईडीहा, बहराइच। वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान रुपईडीहा पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, एक अवैध पिस्टल, खोखा व जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।पुलिस के अनुसार, 22/23 सितंबर की रात प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा हमराह पुलिस टीम के साथ रुपईडीहा-बाबागंज मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ जेतापुर से चिकनिया होते हुए नेपाल जाने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम चिकनिया जाने वाले मार्ग पर पहुंचकर वाहनों की चेकिंग करने लगी।इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान अब्दुल उर्फ अब्दुल सलाम पुत्र बाबू उर्फ जलील निवासी सीतापुरवा सहजनवा, थाना रुपईडीहा, बहराइच के रूप में हुई।पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी के कब्जे से 7.65 एमएम की पिस्टल तथा चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए, जिन्हें बाद में पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू जरगढ़ पुत्र मकबूल जरगढ़ तथा मोहम्मद जुनेद पुत्र मोहम्मद उमर निवासीगण नेपालगंज, जिला बांके, नेपाल के रूप में बताई गई है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 10 अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। इस प्रकार कुल 12 चोरी की मोटरसाइकिलें पुलिस के हाथ लगी हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध भारत और नेपाल राष्ट्र में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर चलाए जा रहे 16 से 23 सितंबर तक के आठ दिवसीय वाहन चोरी विरोधी विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी तथा क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के निर्देशन में रुपईडीहा पुलिस टीम शामिल रही।









































