रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। एक कॉन्सर्ट के दौरान की गई आपत्तिजनक टिप्पणी और अश्लील बयानबाजी के मामले में महाराष्ट्र साइबर सेल ने उन्हें नया समन जारी किया है। एजेंसी ने हनी सिंह को आगामी 16 अक्टूबर को जांच अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि यदि इस बार भी रैपर पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ देश छोड़ने से रोकने के लिए ‘लुक-आउट सर्कुलर’ (LOC) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
बार-बार समन भेजने के बाद भी पेश नहीं हुए हनी सिंह
अधिकारियों के मुताबिक, इससे पहले भी हनी सिंह को तीन बार समन भेजा जा चुका है, लेकिन वे विदेश में होने का हवाला देकर पेश नहीं हुए। उन्हें 5 अक्टूबर को मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थित महाराष्ट्र साइबर ऑफिस में पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जहां वे नहीं पहुंचे और इसके बजाय जांच के लिए और समय की मांग की। पिछली बार महाराष्ट्र साइबर ने उस समन को ‘आखिरी रिमाइंडर’ बताया था और कहा था कि यदि वे बचते रहे तो गिरफ्तारी वारंट के लिए अदालत का रुख किया जाएगा।
दिल्ली में हुए परफॉर्मेंस और वायरल वीडियो से जुड़ा है विवाद
यह पूरा मामला हनी सिंह के दिल्ली में हुए एक परफॉर्मेंस के दौरान के एक वायरल वीडियो से जुड़ा है। वीडियो क्लिप में सिंगर द्वारा कथित तौर पर अश्लील बातें और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी, जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक शिकायतकर्ता ने महाराष्ट्र साइबर से संपर्क किया था। इस मामले की जांच फिलहाल जारी है, लेकिन सिंगर के लगातार पेश न होने से एजेंसियों का शिकंजा कसता जा रहा है।
विवादों से पुराना नाता रहा है सिंगर का
यह पहला मौका नहीं है जब यो यो हनी सिंह किसी कानूनी विवाद में फंसे हों। इससे पहले मई महीने में दिल्ली हाईकोर्ट ने ‘हिंदू शक्ति दल’ की एक याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था। इस संगठन ने आरोप लगाया था कि सिंगर ने 2025 में इंदिरा गांधी स्टेडियम में अपनी परफॉर्मेंस के दौरान एक आपत्तिजनक गाना गाया था। इसके अलावा, 2 अप्रैल को दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को यह भी निर्देश दिया था कि वह सभी सोशल मीडिया और शेयरिंग प्लेटफॉर्म्स से हनी सिंह के पुराने विवादित गाने ‘वॉल्यूम 1’ के URL हटाए।









































