इरशाद हुसैन

नालियों की सफाई के लिए जेब ढीली कर रहे लोग,नियमित सफाई न होने से गंदगी और जलभराव की समस्या, नगर पंचायत से कार्रवाई की मांग
रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा से सटे नगर पंचायत रुपईडीहा के लगभग सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था बहुत ध्वस्त हो चुकी है इसी क्रम में वार्ड नंबर नौ में सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वार्डवासियों का आरोप है कि नियमित रूप से झाड़ू न लगने और नालियों की समय से सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी और कूड़ा जमा रहता है।स्थानीय निवासियों के मुताबिक, नालियों में लंबे समय से गंदगी जमा होने के कारण दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। कई स्थानों पर जलनिकासी प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान समस्या और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।वार्डवासियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था के लिए नगर पंचायत की ओर से कर्मचारी और संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें कई बार अपने खर्च पर नालियों की सफाई करवानी पड़ती है। लोगों का कहना है कि निजी स्तर पर सफाई कराने के बाद ही उन्हें कुछ राहत मिल पाती है।स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से वार्ड में नियमित झाड़ू लगवाने, नालियों की सफाई और कूड़ा उठान की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की है। वार्डवासियों ने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।






































