वास्तु शास्त्र के अनुसार, बाथरूम घर का वह स्थान है जहां नकारात्मक ऊर्जा सबसे अधिक होती है। इसलिए इसे हमेशा साफ रखना चाहिए। बाथरूम में रखी कुछ चीजें वास्तु दोष का बड़ा कारण बन सकती हैं। आइए जानते हैं कि ये चीजें कौन-कौन सी हैं और इनके होने से जीवन में किस तरह की दिक्कतें आ सकती हैं।
बाथरूम से तुरंत हटाएं ये चीजें
- गीले कपड़े छोड़ना: बाथरूम में कभी भी गीले कपड़े नहीं छोड़ने चाहिए। कई लोगों की आदत होती है कि वे कपड़ों को बाथरूम में गीला ही छोड़ देते हैं। वास्तु की मानें तो ऐसा करने से सूर्य की ऊर्जा नकारात्मक रूप से प्रभावित होती है और भाग्य आपसे रूठ सकता है। सूर्य की सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने के लिए यह गलती करने से बचें।
- फर्श या ड्रेन पर पड़े बाल: बाथरूम के ड्रेन एरिया या फर्श पर पड़े टूटे बाल भी आपके जीवन में भारी परेशानियों का कारण बन सकते हैं। इससे घर में वास्तु दोष पैदा हो सकता है और साथ ही आप पर शनि का बुरा प्रभाव भी पड़ सकता है। इसलिए बाथरूम में गिरे बालों को हर रोज साफ कर देना चाहिए।
- टूटा या दरार वाला शीशा: आपको अपने बाथरूम में कभी भी टूटा हुआ या दरार वाला शीशा (कांच) नहीं रखना चाहिए। ऐसा शीशा बिल्कुल भी शुभ नहीं माना जाता है। वास्तु के अनुसार, ऐसा करने से आपको अपनी सेहत से जुड़ी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
- खाली बाल्टी और टपकते नल: बाथरूम में रखी बाल्टी को कभी भी पूरी तरह खाली नहीं छोड़ना चाहिए। ऐसा करने से आपके जीवन में अचानक आर्थिक परेशानियां पैदा हो सकती हैं। इसके साथ ही आपको बाथरूम और घर के सभी नलों पर भी ध्यान देना चाहिए। अगर घर के नल टपक रहे हैं, तो उन्हें तुरंत ठीक करवाना चाहिए। टपकते हुए नल आपकी आर्थिक स्थिति को खराब कर सकते हैं।
- इस्तेमाल हो चुकी खाली चीजें: कुछ चीजें जिन्हें अक्सर लोग बाथरूम में जमा करके रख देते हैं, वो भी वास्तु दोष का मुख्य कारण बन सकती हैं। जैसे- इस्तेमाल हो चुका पुराना टूथब्रश, पेस्ट का खाली रैपर या शैंपू की खाली बोतलें आदि। इन्हें इस्तेमाल करने के बाद तुरंत कूड़े में फेंक देना चाहिए। अगर ये बेकार चीजें बाथरूम में पड़ी रहती हैं, तो इससे घर की सकारात्मक ऊर्जा प्रभावित होती है।





































