मैत्री द्वार से नगर पंचायत परिसर तक दीपों की रोशनी, रूपईडीहा चेयरमैन ने सेवा संकल्प के रूप में मनाया जन्मदिन
इरशाद हुसैन

रुपईडीहा, बहराइच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को सीमावर्ती कस्बा रुपईडीहा में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। भारत-नेपाल मैत्री द्वार से लेकर नगर पंचायत रुपईडीहा के पचपकड़ी स्थित नवीन भवन परिसर तक दीपों की रोशनी दिखाई दी। नगर पंचायत रूपईडीहा चेयरमैन के नेतृत्व में पुराने पंचायत भवन परिसर में 1100 दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।नानपारा विधायक रामनिवास वर्मा के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा स्थित मैत्री द्वार पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों से सजा मैत्री द्वार देर शाम आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस दौरान भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।वहीं, नगर पंचायत रुपईडीहा कार्यालय परिसर में चेयरमैन डॉ. उमाशंकर वैश्य के प्रतिनिधि डॉ. अश्विनी वैश्य के नेतृत्व में दीपोत्सव आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर को ध्यान में रखते हुए ‘सेवा के 25 वर्ष एवं आशीर्वाद’ के भाव के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। नगर पंचायत कार्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।दीप प्रज्ज्वलन के बाद उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष किए। लोगों ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए एक-दूसरे को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामबदन यादव, सभासद रतन अग्रवाल, काली प्रसाद गुप्ता, पार्वती देवी, अभिजीत सिंह, सौरभ वर्मा, देवेंद्र पाठक, देशराज, जान मोहम्मद, रईस अहमद, जाकिर हुसैन, विजय कुमार गुप्ता, अजीत शुक्ला, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, समाजसेवी दिनेश अग्रवाल, गोकर्ण सोनी, लीला कश्यप सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, नगर पंचायत के सुपरवाइजर और कार्यकर्ता मौजूद रहे।दीपोत्सव के दौरान 1100 दीपों से जगमगाता नगर पंचायत परिसर और रोशनी से सजा भारत-नेपाल मैत्री द्वार देर शाम तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।






































