प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सरकारी आवास पर सोमवार रात को केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक कर रहे हैं। माना जा रहा है कि यह बैठक केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल और अन्य मंत्रियों के आकलन के लिए हो रही है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इससे पहले शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ बैठक की थी। यह बैठक प्रधानमंत्री आवास पर हुई थी। इके बाद शनिवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, नरेंद्र सिंह तोमर, गजेंद्र सिंह शेखावत, महेंद्र नाथ पांडे, हरदीप पुरी और वीके सिंह ने अपने-अपने मंत्रालयों का प्रजेंटेशन दिया था और उनके काम की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राष्ट्रीय राजधानी के दो दिवसीय दौरे के दौरान भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश में भी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चा बढ़ गई हैं। हालांकि, सूत्रों ने कहा कि मोदी कई बार केंद्रीय मंत्रियों से मिलते रहे हैं और नड्डा भी वहां मौजूद रहे हैं। भाजपा इन दिनों विभिन्न राज्यों में अपने संगठन और सरकारी कार्यों की समीक्षा में जुटी है।
वहीं, हाल ही में नड्डा ने पार्टी महासचिवों के साथ एक बैठक भी की थी, जहां पार्टी द्वारा कोरोना महामारी के दौरान किए गए राहत कार्यों के अलावा, हाल के विधानसभा चुनावों में इसके प्रदर्शन की समीक्षा की गई थी।





























