इंडिया गठबंधन की अंतिम आस यूपी में लोकसभा सीटों की सौदेबाजी अब अंतिम दौर में है। सपा ने कांग्रेस से गठबंधन बनाए रखने के लिए 17 सीटों का ऑफर दिया है। इसके साथ ही कहा है कि यह अंतिम पेशकश है।
इससे पहले सपा ने कांग्रेस को 11 सीटों का ऑफर दिया था। हालांकि जिन 17 सीटों का की नई पेशकश की गई है उनका ब्योरा नहीं बताया गया है। यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर कल तक कांग्रेस ने सपा के ऑफर को मान लिया तभी अखिलेश यादव का न्याय यात्रा में शामिल होने का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा।
सपा मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हमने कांग्रेस को 17 लोकसभा सीट की अंतिम पेशकश की है। इस पेशकश पर कांग्रेस की स्वीकृति के आधार पर रायबरेली में न्याय यात्रा में अखिलेश यादव का शामिल होना निर्भर करेगा। हालांकि, उन्होंने उन सीट के नाम बताने से इनकार किया जिनकी पेशकश कांग्रेस को की गई है।
राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार को अमेठी से गुजरेगी। इसके बाद वह रायबरेली में प्रवेश करेगी। सपा प्रमुख ने पहले कहा था कि वह रायबरेली में राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। कांग्रेस ने कल रात अमेठी में एक बयान जारी कर कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अमेठी में इस यात्रा में उपस्थित रहेंगे।
इससे पूर्व, सपा ने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 11 सीटों की पेशकश की थी, जबकि कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने अधिक सीट की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पहले कहा था कि उनकी पार्टी को करीब दो दर्जन सीट दी जानी चाहिए जहां 2009 के लोकसभा चुनाव में उसने जीत हासिल की थी। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में साझेदार हैं। बंगाल से लेकर दिल्ली और पंजाब में कांग्रेस को इंडिया में शामिल दलों के साथ झटके पर झटका लग चुका है। कांग्रेस ने पिछली बार उत्तर प्रदेश में 80 में से एकमात्र रायबरेली की सीट जीती थी।






























